Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
छठ पर घर जाने वालों को बड़ी राहत, दिल्ली-बिहार के बीच 77 बसें शुरू; किराये में मिलेगी छूट

छठ पर घर जाने वालों को बड़ी राहत, दिल्ली-बिहार के बीच 77 बसें शुरू; किराये में मिलेगी छूट

Delhi SamacharDelhi Samachar13 November 2026, 07:56 AM22 views

छठ महापर्व पर घर जाने की तैयारी कर रहे दिल्ली में रहने वाले बिहार और पूर्वांचल के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहार के दौरान ट्रेन में कंफर्म टिकट की मारामारी और महंगे बस किराये की परेशानी से बचाने के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने खास इंतजाम किया है।

दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते के तहत दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के लिए 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की गई हैं। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को बस की श्रेणी और रूट के हिसाब से 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की किराये में छूट मिलेगी।

इस व्यवस्था के तहत मुजफ्फरपुर के लिए सबसे ज्यादा 36 बसें चलाई जाएंगी। वहीं पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया जी के लिए 10 और दरभंगा के लिए 6 बसें निर्धारित की गई हैं।

खास बात यह है कि यात्रियों को एसी, नॉन-एसी, स्लीपर और सीटर बसों का विकल्प भी मिलेगा, जिससे वे अपने बजट के अनुसार सफर चुन सकेंगे।

वहीं सुरक्षा के लिहाज से केवल BS-VI मानक वाली CNG और इलेक्ट्रिक बसों को ही अनुमति दी गई है। बसों में लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम और इमरजेंसी बटन अनिवार्य होगा। साथ ही दोनों राज्यों में जारी टिकट मान्य होंगे। ऐसे में छठ पर घर जाने वाले यात्रियों को सफर में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।