Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
केजरीवाल को 7 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का लिया नाम; जांच में निकला रिटायर्ड क्लर्क

केजरीवाल को 7 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का लिया नाम; जांच में निकला रिटायर्ड क्लर्क

Delhi SamacharDelhi Samachar12 November 2026, 10:57 AM8 views

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने और 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया था, लेकिन शुरुआती जांच में किसी गैंगस्टर या संगठित गिरोह से उसका संबंध सामने नहीं आया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में पकड़ा गया व्यक्ति हरियाणा के रोहतक का रहने वाला रिटायर्ड क्लर्क है। शुरुआती जांच में पता चला है कि उसका लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध नहीं है। यानी गैंग का नाम लेकर धमकी देने के पीछे किसी संगठित आपराधिक नेटवर्क की पुष्टि नहीं हुई है।

दरअसल, दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह को फोन कॉल और WhatsApp मैसेज के जरिए धमकी मिली थी। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए अरविंद केजरीवाल से 7 करोड़ रुपये की मांग की थी। रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

इसके बाद विधायक जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के SSP के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS और IT एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया।

मामले की जांच साइबर क्राइम पुलिस कर रही है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, IP लॉग्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच में जुटी है। फिलहाल शुरुआती जांच में धमकी को फर्जी बताया जा रहा है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।