Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
14 से ज्यादा मुकदमों वाला घोषित अपराधी गिरफ्तार, हौज काजी पुलिस ने 6 चोरी के मामलों का किया खुलासा

14 से ज्यादा मुकदमों वाला घोषित अपराधी गिरफ्तार, हौज काजी पुलिस ने 6 चोरी के मामलों का किया खुलासा

Delhi SamacharDelhi Samachar12 November 2026, 08:41 AM5 views

दिल्ली के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहा एक घोषित अपराधी आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। आरोपी पर पहले से ही 14 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं और पुलिस को उसकी तलाश थी। हौज काजी थाना पुलिस ने पीछा कर उसे गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय आकाश उर्फ काले के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हौज काजी इलाके का घोषित बैड कैरेक्टर यानी BC है। 20 अक्टूबर को एक घर में खिड़की के रास्ते घुसकर दो मोबाइल फोन और पर्स चोरी करने की शिकायत मिली थी। पर्स में 20 हजार रुपये नकद, पैन कार्ड और बैंक का डेबिट कार्ड रखा था। इस मामले में BNS की धारा 305(a) के तहत ई-FIR दर्ज की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर की मदद से आरोपी की पहचान की। 10 नवंबर को हिम्मतगढ़ इलाके में आरोपी के दोबारा पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, लेकिन वह भागने लगा। हालांकि, कुछ दूर पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हीरो स्प्लेंडर बाइक, सैमसंग और वीवो मोबाइल, AC के कॉपर वायर-पाइप, पानी की मोटर और चोरी का पर्स बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से कुल छह संपत्ति चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जांच जारी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।