दिल्ली के सोनिया विहार पुश्ता पर बुधवार रात एक जोरदार टक्कर ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। सवारियों से भरा एक ऑटो सामने से आ रहे डंपर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में बैठे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस हादसे में एक नवजात बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो मानेसर की तरफ से सभापुर गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान डंपर नंबर DL-1LY-5990 और ऑटो नंबर DL-1RAB-5531 के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में राजा (32) और राखी (30) समेत पांच लोग घायल हुए हैं। वहीं, दो अज्ञात पुरुषों और एक नवजात बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बीच तीन साल की एक बच्ची सुरक्षित बच गई।
फिलहाल सोनिया विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


