Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली की यमुना में शुरू हुआ क्रूज का सफर, सोनिया विहार से जगतपुर घाट तक ले सकेंगे एक घंटे की सैर

दिल्ली की यमुना में शुरू हुआ क्रूज का सफर, सोनिया विहार से जगतपुर घाट तक ले सकेंगे एक घंटे की सैर

Delhi SamacharDelhi Samachar11 November 2026, 11:01 AM12 views

कभी बदहाली और गंदगी को लेकर चर्चा में रहने वाली यमुना अब दिल्ली में पर्यटन का नया आकर्षण बनने जा रही है। नदी के किनारे अब सिर्फ घाटों की रौनक ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि यमुना की लहरों के बीच क्रूज का आनंद लेने का मौका भी मिलेगा।

दरअसल, दिल्ली की यमुना में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ‘नमो यमुना रिवर क्रूज’ की शुरुआत कर दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार घाट से क्रूज को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर स्थानीय लोगों और मीडिया कर्मियों की मौजूदगी रही। क्रूज की शुरुआत को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पहली सवारी के दौरान लोगों ने यमुना के बीच नौका विहार का अनुभव लिया।

क्रूज को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी और खूबसूरत सजावट के बीच यमुना का नजारा अब लोगों को एक अलग अनुभव देने वाला है। इस पहल के जरिए दिल्ली में नदी पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ यमुना के घाटों को भी एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कोशिश की जा रही है।

आपको बता दें कि नमो यमुना रिवर क्रूज सोनिया विहार घाट से जगतपुर घाट तक करीब 6 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। इस पूरे सफर में लगभग एक घंटे का समय लगेगा।

यानी अब दिल्लीवासियों को यमुना के बीच से राजधानी को देखने और परिवार के साथ कुछ अलग समय बिताने का नया विकल्प मिलेगा। हालांकि, इस पहल की असली सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि यमुना की स्वच्छता और घाटों की व्यवस्था को किस तरह बनाए रखा जाता है।

फिलहाल, यमुना में क्रूज की शुरुआत दिल्ली के पर्यटन के लिए एक नई पहल मानी जा रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।