Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्लीवालों को रेखा सरकार की डबल सौगात! यमुना में क्रूज की सैर और 15 लाख परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ

दिल्लीवालों को रेखा सरकार की डबल सौगात! यमुना में क्रूज की सैर और 15 लाख परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर का लाभ

Delhi SamacharDelhi Samachar10 November 2026, 12:03 PM6 views

दिल्ली की यमुना अब सिर्फ आस्था और इतिहास की पहचान ही नहीं, बल्कि पर्यटन का नया केंद्र बनने की ओर बढ़ रही है। वहीं दूसरी तरफ महंगाई के बीच रसोई के बजट को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार भी बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज राजधानी के लोगों को एक साथ दो बड़ी सौगात देने जा रही हैं।

पहली सौगात है यमुना रिवर सफारी, जिसका उद्घाटन मंगलवार सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता करेंगी। इस मौके पर केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल भी मौजूद रहेंगे। 'नमो यमुना रिवर सफारी' के तहत सोनिया विहार से जगतपुर के बीच क्रूज सेवा शुरू की जा रही है। इस क्रूज में एक बार में करीब 30 यात्री सफर कर सकेंगे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यात्रा में लगभग 35 से 40 मिनट लगेंगे और प्रति व्यक्ति प्रस्तावित टिकट किराया 500 रुपये रखा गया है। सरकार को उम्मीद है कि इससे दिल्ली में पर्यटन को नया आकर्षण मिलेगा।

वहीं दूसरी बड़ी सौगात मुफ्त गैस सिलेंडर योजना के रूप में मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तालकटोरा स्टेडियम से 15 लाख से अधिक राशन कार्डधारक परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के जरिए करीब 142 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगी।

इस योजना के तहत पात्र परिवारों को एक गैस सिलेंडर की कीमत के बराबर आर्थिक सहायता सीधे परिवार के मुखिया के बैंक खाते में मिलेगी। यानी सरकार सिलेंडर नहीं बांटेगी, बल्कि उसकी खरीद के लिए आर्थिक मदद देगी। अब देखना होगा कि पर्यटन और रसोई से जुड़ी ये दोनों योजनाएं दिल्ली की जनता को कितनी राहत और नया अनुभव दे पाती हैं।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।