दिल्ली के बवाना में बदमाशों ने एक ही वारदात में मारपीट, मोबाइल छीनने और मोटरसाइकिल चोरी की घटना को अंजाम दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस की जांच के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला 4 नवंबर 2026 का है। शिकायतकर्ता किशन सिंह अपने दोस्त पवन के साथ बवाना के DSIDC सेक्टर-3 स्थित बंगाली चौक के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। उनमें से दो नीचे उतरे। एक ने पवन के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया, जबकि दूसरे ने पास खड़ी किशन सिंह की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी कर ली। इसके बाद तीनों फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना बवाना में FIR नंबर 660/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 नवंबर को ईश्वर कॉलोनी निवासी करीब 20 वर्षीय प्रियांशु उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों जोंटी और लाला के साथ वारदात में शामिल होने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
फिलहाल पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश और छीने गए मोबाइल फोन की बरामदगी में जुटी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


