Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
नरेला में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा: स्काई शॉट पटाखे की चपेट में आने से 10 साल के ऋषि की मौत

नरेला में दिवाली की रात दर्दनाक हादसा: स्काई शॉट पटाखे की चपेट में आने से 10 साल के ऋषि की मौत

Delhi SamacharDelhi Samachar09 November 2026, 05:32 AM30 views

नरेला की राजीव कॉलोनी में दिवाली की रात एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। जिस घर में त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां कुछ ही पलों में चीख-पुकार मच गई। घर के बाहर पटाखे जला रहा 10 साल का मासूम ऋषि एक स्काई शॉट पटाखे की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी जान चली गई।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना नरेला की राजीव कॉलोनी की गली नंबर 7 की है। मृतक बच्चे की पहचान 10 वर्षीय ऋषि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिवाली के मौके पर ऋषि अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के बाहर पटाखे जला रहा था। इसी दौरान अचानक स्काई शॉट पटाखा फट गया और उसका एक हिस्सा सीधे बच्चे की छाती में जा लगा।

पटाखे की चपेट में आने से ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार के लोग घबराकर उसे तुरंत नजदीकी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस घर में कुछ देर पहले दिवाली की रौनक थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक हादसे ने परिवार से उसका मासूम बच्चा छीन लिया।

दिवाली पर हुआ यह हादसा एक बार फिर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है। त्योहार की खुशियां मनाते समय सुरक्षा को नजरअंदाज करना कितना भारी पड़ सकता है, नरेला की यह घटना इसकी दर्दनाक मिसाल है।

रिपोर्टर – सोनू, आउटर नॉर्थ दिल्ली

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।