नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पहाड़गंज के एक गेस्ट हाउस में दो युवक ऐसी करेंसी लेकर पहुंचे थे, जिसे बाजार में असली नोटों की तरह चलाने की तैयारी थी। लेकिन राजधानी में नकली नोटों का नेटवर्क फैलाने से पहले ही पुलिस ने उनकी साजिश नाकाम कर दी।
दरअसल, थाना पहाड़गंज की चौकी संगतराशन पुलिस टीम ने नीलम गेस्ट हाउस में छापेमारी कर बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान दिनेश कुमार झा (36) और सतीश कुमार (20) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 2 लाख 65 हजार 100 रुपये की नकली भारतीय करेंसी बरामद की। इसमें 500, 200, 100 और 50 रुपये के जाली नोट शामिल हैं। बरामद नोटों की तकनीकी जांच के लिए क्राइम टीम और एफएसएल की मदद ली गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की योजना एक लाख रुपये की नकली करेंसी के बदले 25 से 30 हजार रुपये के असली नोट हासिल करने की थी। वे दिल्ली में ग्राहक तलाशने की तैयारी में थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दिनेश कुमार झा वर्ष 2023 में पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया थाने में दर्ज जाली नोटों के मामले में भी संलिप्त रह चुका है। फिलहाल धारा 179/180/3(5) BNS के तहत एफआईआर दर्ज कर पुलिस मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


