दीपावली की शुरुआत के साथ ही धनतेरस के मौके पर बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सोने-चांदी की कीमतों में हालिया गिरावट ने ग्राहकों का उत्साह बढ़ा दिया है। इस बार धनतेरस पर सराफा बाजार में कारोबार के नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद जताई जा रही है।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स यानी कैट के अनुमान के मुताबिक, देशभर में इस धनतेरस पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक का सराफा कारोबार हो सकता है। वहीं, अकेले दिल्ली में ज्वैलर्स करीब 20 हजार करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।
हालांकि, कीमतों में गिरावट के बावजूद सोना-चांदी अभी भी महंगे हैं। ऐसे में ग्राहकों की खरीदारी का तरीका भी बदला है। भारी-भरकम आभूषणों के बजाय लोग हल्के और कम वजन वाले गहनों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। खासतौर पर 14 और 18 कैरेट के सोने के आभूषणों की मांग बढ़ी है। इसके अलावा चांदी के सिक्के, बर्तन और सजावटी सामान भी ग्राहकों की पसंद बने हुए हैं।
इस बार मछली, कछुए और हाथी जैसी शुभ आकृतियों वाले सोने-चांदी के प्रतीकों की भी अच्छी मांग है। वहीं, इटली, जर्मनी, तुर्किये और भारतीय डिजाइन के फ्यूजन वाले आभूषण भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।
सराफा बाजार के अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, होम अप्लायंसेज और बर्तनों की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। दिल्ली के चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग और कनॉट प्लेस जैसे प्रमुख बाजारों में रौनक बनी हुई है।
व्यापारिक संगठनों को उम्मीद है कि धनतेरस की यह खरीदारी दीपावली के कारोबार को नई ऊंचाई देगी और बाजार में आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


