दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी इलाके में सरकारी आवास को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए अपनी पहचान छिपाने और गिरफ्तारी से बचने की पूरी कोशिश की। लेकिन उनकी एक-एक हरकत CCTV कैमरों में कैद हो गई और आखिरकार पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
थाना डिफेंस कॉलोनी पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित कुमार उर्फ इलू और रोहन कुमार के रूप में की है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की गई 100 प्रतिशत संपत्ति बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान में ब्रांडेड ज्वेलरी, घड़ी और चश्मे शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी बरामद की गई है।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग जगहों पर कपड़े बदलते दिखाई दिए। हालांकि, पुलिस ने लगातार तकनीकी जांच और CCTV फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई को SHO इंस्पेक्टर संजय शर्मा के नेतृत्व में SI सचिन, SI योगेश, HC अशोक, HC अजय और कांस्टेबल शैलेंद्र ओला की टीम ने अंजाम दिया।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


