Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
चांदनी चौक में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिरी, मलबे से निकले 2 शव; 15 लोगों के दबे होने की आशंका

चांदनी चौक में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत भरभराकर गिरी, मलबे से निकले 2 शव; 15 लोगों के दबे होने की आशंका

Delhi SamacharDelhi Samachar05 November 2026, 08:08 AM4 views

चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास सुबह का वक्त था, लोग अपने रोजमर्रा के काम में जुटे थे, तभी अचानक एक निर्माणाधीन इमारत भरभराकर नीचे आ गिरी। कुछ ही सेकंड में तीन मंजिला इमारत मलबे के ढेर में तब्दील हो गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजकर 50 मिनट पर चांदनी चौक की गली सत्तारा में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कम से कम 15 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक दो लोगों के शव बाहर निकाले जा चुके हैं। NDRF, दिल्ली पुलिस और MCD की टीमें लगातार मलबा हटाकर लोगों की तलाश में जुटी हैं। आशंका है कि मलबे के नीचे अभी और लोग फंसे हो सकते हैं।

गौर करने वाली बात यह है कि दिल्ली में इस साल इमारत ढहने का यह छठा बड़ा हादसा है। इससे पहले साकेत, रोहिणी, करोल बाग, सत्य निकेतन और सीमापुरी में हुए पांच हादसों में 21 लोगों की जान जा चुकी है।

वहीं, इस हादसे को लेकर आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार और MCD पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि सुरक्षा ऑडिट के आदेशों के बावजूद इमारतें गिर रही हैं। साथ ही सरकारी विभागों में कथित रिश्वतखोरी और चुनिंदा कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और सभी की नजरें मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर टिकी हैं।

रिपोर्ट - सन्नी तुषीर

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।