सुंदर नगरी के पीली मिट्टी पार्क में दो युवक किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। उनकी नजरें आने-जाने वाले लोगों पर थीं और कथित तौर पर वे लूट और झपटमारी की फिराक में मौके पर मौजूद थे। लेकिन इससे पहले कि वे अपने मंसूबों में कामयाब हो पाते, नंद नगरी पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, गश्त के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पीली मिट्टी पार्क में दो संदिग्ध युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी अर्जुन के पास से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ, जबकि उसके साथी हरिओम उर्फ सागर की जेब से एक जिंदा कारतूस मिला।
जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नंद नगरी के बी-ब्लॉक के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, अर्जुन के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट समेत सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, हरिओम उर्फ सागर आबकारी अधिनियम के तीन मामलों में संलिप्त रहा है।
फिलहाल थाना नंद नगरी में आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद हथियार के स्रोत और दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


