दिल्ली के अलीपुर इलाके में पुलिस की एक कार्रवाई ने कथित तौर पर एक बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी पर पानी फेर दिया। सूचना थी कि कुछ बदमाश किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने के इरादे से इलाके से गुजरने वाले हैं। पुलिस ने समय रहते घेराबंदी की और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
आउटर नॉर्थ जिले के स्पेशल स्टाफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कपिल ठकरान, निवासी नंगल ठकरान, दिल्ली और 19 वर्षीय अरुण उर्फ बॉबी, निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि दोनों का संबंध नीरज बवाना और नवीन उर्फ बाली गैंग से है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, तीन देसी पिस्तौल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि अरुण उर्फ बॉबी पहले हरियाणा के खरखौदा थाने में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में शामिल रह चुका है।
इस मामले में अलीपुर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत FIR नंबर 640/26 दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस हथियारों के सप्लाई नेटवर्क, उनके स्रोत और गैंग में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


