Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
रूप नगर में ₹70 लाख की लूट का खुलासा, तीन राज्यों में छापेमारी कर 6 आरोपी गिरफ्तार; ₹30.23 लाख नकद बरामद

रूप नगर में ₹70 लाख की लूट का खुलासा, तीन राज्यों में छापेमारी कर 6 आरोपी गिरफ्तार; ₹30.23 लाख नकद बरामद

Delhi SamacharDelhi Samachar04 November 2026, 11:40 AM17 views

रूप नगर में कूचा महाजनी से कैश लेकर लौट रहे कर्मचारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर 70 लाख रुपये लूटने वाले बदमाशों तक आखिरकार पुलिस पहुंच गई। इस वारदात की साजिश इतनी सुनियोजित थी कि बदमाशों को पहले से पता था कि कैश कहां से और कब निकलने वाला है। लेकिन पुलिस की जांच में साजिश की एक-एक कड़ी खुलती चली गई।

थाना रूप नगर और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने दिल्ली, राजस्थान के भिवाड़ी और बिहार के गया में छापेमारी कर कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस लूट का मुख्य साजिशकर्ता मंटू यादव है, जो कूचा महाजनी की एक दुकान में सफाई का काम करता था। उसे कैश की आवाजाही की जानकारी थी। इसी जानकारी को बदमाशों तक पहुंचाकर उसने बिहार और दिल्ली के अपराधियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 30 लाख 23 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक, तीन डेबिट कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है। इसके अलावा लूटी गई रकम में से 3 लाख 1 हजार रुपये बैंक खातों में जमा होने की जानकारी मिली है, जिसकी जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों में सीतू पहले भी लूट के छह मामलों में शामिल रहा है। वहीं, फरार आरोपी पवन और वकील की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।

रिपोर्ट : प्रदीप यादव

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।