दिल्ली के करोल बाग में चोरों ने चोरी का ऐसा तरीका अपनाया कि पीड़ित को भनक तक नहीं लगी। आरोपियों ने खुद को ट्रैफिक नियंत्रक बताकर एक ज्वैलरी कारोबारी को रास्ते में रुकवाया और मौका मिलते ही उसकी मोटरसाइकिल पर टंगे बैग से लाखों के सोने के गहने गायब कर दिए।
दरअसल, 1 नवंबर को शिकायतकर्ता करोल बाग के बीडनपुरा स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स से करीब 400 ग्राम सोने के गहने लेकर निकला था। उसने गहनों से भरा बैग मोटरसाइकिल के पीछे टांग रखा था। ब्रिटानिया चौक स्थित अपने कार्यालय पहुंचने पर उसे बैग की चेन खुली मिली और गहने गायब थे। इसके बाद पुलिस में ई-FIR दर्ज कराई गई।
मामले की जांच में CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें तीन आरोपियों की भूमिका सामने आई। एक आरोपी ट्रैफिक नियंत्रक बनकर मोटरसाइकिल रुकवाता था, दूसरा बैग से गहने निकालता था, जबकि तीसरा निगरानी करता था।
पुलिस ने 3 नवंबर को आनंद पर्वत इलाके से भरत, कपिल उर्फ राहुल और काव्या आर्यन सैनी उर्फ भांजा को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से करीब 45 लाख रुपये कीमत के पूरे 400 ग्राम सोने के गहने बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, कपिल पर पहले से 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


