उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के गुरसराय थाना क्षेत्र स्थित नारायणपुरा में शराब के ठेके पर महिलाओं के गुस्से का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए।
दरअसल, इलाके में शराब पीने से कई लोगों की मौत होने का आरोप लगाते हुए महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं शराब के ठेके पर पहुंच गईं और वहां जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
महिलाओं ने ठेके में रखी शराब की बोतलें उठाकर सड़क पर फेंकनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते लाखों रुपये की शराब सड़क पर बिखर गई। महिलाओं ने बोतलों को तोड़कर ठेके पर रखी शराब को तहस-नहस कर दिया।
मौके पर मौजूद किसी भी व्यक्ति की महिलाओं को रोकने की हिम्मत नहीं हुई। हैरानी की बात यह रही कि वहां पुलिसकर्मी भी मौजूद थे, लेकिन महिलाएं लगातार तोड़फोड़ करती रहीं और पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने देखते रहे।
इस पूरी घटना का वीडियो अब सामने आया है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल यह मामला इलाके में शराब की बिक्री और उससे होने वाले कथित नुकसान को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


