दिल्ली के पॉश इलाके गोल्फ लिंक्स में एक कारोबारी के घर हुई लाखों रुपये की डकैती को अंजाम देने वालों में शामिल एक आरोपी लंबे समय तक पुलिस से बचता रहा, लेकिन आखिरकार क्राइम ब्रांच ने उसे बिहार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दरअसल, 16 अप्रैल 2026 को गोल्फ लिंक्स स्थित कारोबारी के घर 7 से 8 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 30 से 35 लाख रुपये की नकदी और ज्वेलरी लूट ली थी। इस वारदात में घर में घरेलू सहायक के तौर पर काम करने वाला आरोपी भी कथित तौर पर शामिल था। उसने ही अन्य बदमाशों के साथ मिलकर डकैती की साजिश रची थी। मामले में छह आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि यह आरोपी फरार चल रहा था।
आरोपी की तलाश में एंटी एक्सटॉर्शन एंड किडनैपिंग सेल की टीम ने तकनीकी सर्विलांस, सीडीआर और आईपीडीआर विश्लेषण के साथ स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाई। जांच के दौरान उसकी लोकेशन बिहार के मधुबनी में मिली।
इसके बाद इंस्पेक्टर वीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने 31 अक्टूबर 2026 को घोघरडीहा रेलवे स्टेशन के पास छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई डीसीपी क्राइम संजीव यादव की निगरानी में की गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


