दिल्ली में नकली करेंसी के कारोबार पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 रुपये के नकली सिक्के बनाने और सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1 लाख रुपये की कीमत के नकली सिक्के बरामद किए हैं। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सिक्कों की सप्लाई करने वाला कैरियर और कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है।
दरअसल, क्राइम ब्रांच की WR-I टीम ने सबसे पहले एक आरोपी को उस वक्त पकड़ा, जब वह नकली 20 रुपये के 5 हजार सिक्के लेकर जा रहा था। ये सिक्के 50 अलग-अलग पाउच में पैक किए गए थे। शुरुआती कार्रवाई के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की और सिक्कों की सप्लाई चेन का पता लगाया।
जांच के दौरान पुलिस की टीम Zirakpur तक पहुंची, जहां से इस नेटवर्क से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कथित तौर पर नकली सिक्के बनाने वाला मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी शामिल हैं। पुलिस इन आरोपियों को सहारनपुर जेल से भी लेकर आई।
इस पूरे ऑपरेशन को इंस्पेक्टर आशीष शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। एसीपी राज कुमार की अगुवाई और डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा की निगरानी में टीम ने कार्रवाई की। फिलहाल पुलिस गिरोह के नेटवर्क और नकली सिक्कों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


