Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
फर्जी लोन और स्कॉलरशिप के नाम पर साइबर ठगी का भंडाफोड़; वेस्ट जिला पुलिस ने 4 आरोपी दबोचे, 5 महिला टेलीकॉलर्स पाबंद

फर्जी लोन और स्कॉलरशिप के नाम पर साइबर ठगी का भंडाफोड़; वेस्ट जिला पुलिस ने 4 आरोपी दबोचे, 5 महिला टेलीकॉलर्स पाबंद

Delhi SamacharDelhi Samachar01 November 2026, 07:57 AM8 views

लोन और छात्रवृत्ति दिलाने का झांसा देकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करने वाले एक साइबर ठगी गिरोह का वेस्ट जिला साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके पर मौजूद पांच महिला टेलीकॉलर्स को पाबंद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले की जांच कर्नाटक बैंक की विकासपुरी शाखा के एक खाते से जुड़ी एनसीआरपी शिकायतों और पैसों के लेन-देन की कड़ियों के आधार पर शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि गिरोह दक्षिण भारत, खासकर तमिलनाडु के लोगों को फर्जी लोन और स्कॉलरशिप दिलाने का लालच देकर ठगी कर रहा था।

इसके बाद साइबर थाना वेस्ट की टीम ने विकासपुरी के बुधेला इलाके में छापेमारी कर इस फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान अमित कपूर, शिवा सिंह, एस. गौरव उर्फ अप्पू और कॉल सेंटर मैनेजर सेराज अंसारी उर्फ दाऊद को गिरफ्तार किया गया। वहीं, पांच महिला टेलीकॉलर्स को मौके से पाबंद किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल फोन, 45 हजार 170 रुपये नकद, पीड़ितों के डेटा से भरे 15 नोटपैड और रजिस्टर, चेकबुक और डेबिट कार्ड बरामद किए हैं।

फिलहाल पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

रिपोर्ट : प्रदीप यादव

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।