Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
द्वारका में वाहन चोरों पर पुलिस का शिकंजा, एक शातिर ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार; चोरी की 4 दोपहिया गाड़ियां बरामद

द्वारका में वाहन चोरों पर पुलिस का शिकंजा, एक शातिर ऑटो-लिफ्टर गिरफ्तार; चोरी की 4 दोपहिया गाड़ियां बरामद

Delhi SamacharDelhi Samachar31 October 2026, 07:34 AM16 views

द्वारका जिले में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की चुनौती बढ़ाने वाले एक शातिर चोर को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी चोरी की बाइक पर सवार होकर इलाके में घूम रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसकी यह चाल ज्यादा देर तक काम नहीं आई।

दरअसल, चोरी और सेंधमारी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए द्वारका जिला पुलिस विशेष अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत एंटी-बर्गरली सेल की टीम ने महावीर एन्क्लेव स्थित एमसीडी पार्क के पास घेराबंदी कर अजय उर्फ राज नाम के 28 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जिस बजाज सीटी-100 बाइक पर सवार था, उसका लॉक टूटा हुआ मिला। जांच में बाइक चोरी की निकली।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर द्वारका सेक्टर-2 स्थित सीएनजी पंप के पास छिपाकर रखी गई एक हीरो स्प्लेंडर बाइक और दो टीवीएस जुपिटर स्कूटी भी बरामद कीं।

पुलिस की इस कार्रवाई से डाबड़ी, छावला और बिंदापुर थानों में दर्ज वाहन चोरी के कुल चार मामले सुलझे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी शराब तस्करी और चोरी के मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।