दिल्ली के फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र में अवैध शराब की खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस ने तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। साउथ डिस्ट्रिक्ट की AATS टीम ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा मार्का अवैध शराब की 47 पेटियां बरामद की हैं। इस मामले में एक 14 वर्षीय बालक को शराब की खेप ले जाते हुए पकड़ा गया है, जिसे कानून के तहत CCL यानी कानून के साथ संघर्षरत बालक बताया गया है।
पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वैगनआर कार और एक ओप्पो मोबाइल फोन भी जब्त किया है। शुरुआती जांच में समीर जायसवाल उर्फ राजा और उसके साथियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। साथ ही, इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई डीसीपी साउथ अनंत मित्तल, आईपीएस के नेतृत्व में की गई। अभियान की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर पवन कुमार, इंचार्ज AATS, साउथ डिस्ट्रिक्ट के नेतृत्व में टीम ने संभाली। टीम में एसआई नवदीप, हेड कांस्टेबल सुरेश और कांस्टेबल अरविंद शामिल रहे। कार्रवाई ACP ऑपरेशंस, साउथ डिस्ट्रिक्ट की निगरानी में की गई।
इस मामले में FIR नंबर 448/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम, BNS और जेजे एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


