दिल्ली के बाहरी इलाके नरेला से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नरेला के सिंगोला इलाके में स्थित तपन पेपर कंपनी में कागज के भारी रोल की चपेट में आने से 27 वर्षीय युवक नीरज की मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक, सिंगोला स्थित तपन पेपर कंपनी में गाड़ी में कागज के भारी रोल लोड किए जा रहे थे। इसी दौरान एक भारी रोल अचानक युवक नीरज के ऊपर गिर गया। हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस ने कंपनी के मालिक के खिलाफ कथित लापरवाही के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। थाना नरेला में FIR नंबर 696/26, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


