दिल्ली में शराब खरीदने वालों के लिए नई सुविधा शुरू की गई है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम (DSIIDC) ने शराब की ऑनलाइन बुकिंग के लिए ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया है।
इस ऐप के जरिए ग्राहक अपनी पसंद का ब्रांड, बोतल का साइज और दुकान चुनकर ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। बुकिंग के बाद ग्राहकों को क्यूआर कोड मिलेगा, जिसे दिखाकर संबंधित ठेके से शराब प्राप्त की जा सकेगी।
फिलहाल 208 सरकारी ठेकों पर सुविधा
शुरुआत में यह सुविधा DSIIDC के 208 शराब ठेकों पर उपलब्ध है। ऑनलाइन बुकिंग के बाद ग्राहकों को 48 घंटे के भीतर दुकान पर जाकर शराब लेनी होगी।
होम डिलीवरी नहीं होगी
ध्यान देने वाली बात यह है कि ऐप के जरिए शराब की घर पर डिलीवरी नहीं की जाएगी। शराब खरीदने के लिए ग्राहक को खुद संबंधित दुकान पर जाना होगा। ऐप से बुकिंग के लिए न्यूनतम आयु 25 वर्ष निर्धारित है।
इस व्यवस्था का उद्देश्य शराब की दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करना और ऑनलाइन भुगतान के जरिए बिलिंग प्रक्रिया को आसान बनाना है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


