दिल्ली में अवैध शराब की सप्लाई रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच द्वारका जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ढांसा-नजफगढ़ रोड पर बक्करगढ़ मोड़ के पास पुलिस ने घेराबंदी कर शराब से भरे एक टेम्पो को पकड़ा। जब वाहन की तलाशी ली गई, तो उसके अंदर शराब के कार्टन देखकर पुलिस भी कार्रवाई में जुट गई।
दरअसल, द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ की टीम ने ‘नशे पर लगाम, देश को सलाम’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की। पुलिस ने अशोक लीलैंड टेम्पो से हरियाणा में बिक्री के लिए निर्धारित शराब के 160 कार्टन बरामद किए। इनमें कुल 8,000 क्वार्टर अवैध शराब रखी हुई थी। शराब की पेटियों पर ‘For Sale in Haryana Only’ का मार्का लगा हुआ था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टेम्पो को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय संदीप के रूप में हुई है, जो हरियाणा के चरखी दादरी का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत पहले भी दो मामले दर्ज हैं।
इस मामले में जाफरपुर कलां थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बहादुरगढ़ से डाबरी और नारायणा इलाके में शराब की सप्लाई करवाने वाले मुख्य सरगना सुमित उर्फ नेपाली की तलाश की जा रही है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


