दिल्ली के मोहन गार्डन इलाके में वाहन चोरी की वारदातों पर कार्रवाई करते हुए थाना पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी के दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय गौरव सिंह के रूप में हुई है, जो मोहन गार्डन के रामा पार्क का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पहले भी वाहन चोरी के मामले में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कीर्ति नगर थाने में वाहन चोरी का पुराना मामला दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
इस मामले में पुलिस को जांच के दौरान अहम सुराग मिले, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की एक स्प्लेंडर प्लस बाइक, होंडा एक्टिवा स्कूटी और ओप्पो F27 प्रो+ मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में मोहन गार्डन, द्वारका नॉर्थ और जहांगीरपुरी थानों में दर्ज चोरी के तीन मामलों को सुलझाने में सफलता मिली है। 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच और गुप्त सूचना ने आरोपी तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले की आगे की जांच में जुटी है। अब जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी ने चोरी की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है या नहीं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


