आउटर नॉर्थ जिले की पुलिस टीम ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए बवाना इलाके के सुल्तानपुर डबास में हुई एक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी महज 4 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार सुबह लगभग 09:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सुल्तानपुर डबास मुख्य चौक स्थित एक दुकान में महिला पर गोली चलाई गई है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय मनीषा डबास के रूप में हुई, जो पेशे से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता थीं।
हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद स्कूटी से मौके से फरार हो गया था। पीड़िता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में थाना बवाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना बवाना, स्पेशल स्टाफ और आउटर नॉर्थ जिले की AATS (एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड) की कई टीमों का गठन किया गया। टीमों ने बिना समय गंवाए
घटनास्थल और आसपास के इलाकों के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की सघन जांच की गई।
मैन्युअल सर्विलांस और डिजिटल सुरागों के आधार पर आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाया गया।
लगातार और समन्वित प्रयासों के चलते वारदात के महज 4 घंटे के भीतर पुलिस आरोपी तक पहुँचने और उसे दबोचने में कामयाब रही।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान विक्की डबास (निवासी सुल्तानपुर डबास) के रूप में हुई है, जो मृतका का चचेरा देवर है।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतका और उनके दिवंगत पति के परिवार के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध और पारिवारिक विवाद चल रहा था। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का सत्यापन किया जा रहा है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


