नई दिल्ली: कालकाजी की गली नंबर-1 स्थित K Block की MCD पार्किंग को स्थायी रूप से बंद किए जाने की सूचना से स्थानीय लोगों और वाहन मालिकों की चिंता बढ़ गई है। पार्किंग के गेट पर MCD की ओर से नोटिस लगाए जाने के बाद यहां पार्क होने वाली 400 से अधिक गाड़ियों के मालिकों के सामने नया पार्किंग संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग बंद होने के बाद बड़ी संख्या में वाहन सड़क किनारे खड़े होने की संभावना है। इससे गुरु रविदास मार्ग और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव बढ़ने के साथ जाम की स्थिति पैदा हो सकती है।
गोविंदपुरी और आसपास के इलाकों में पहले से ही पार्किंग की समस्या बनी हुई है। ऐसे में एक बड़ी पार्किंग सुविधा के अचानक बंद होने से स्थानीय निवासियों को अपने वाहनों के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने MCD और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि पार्किंग बंद करने से पहले क्षेत्र में वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था की जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
लोगों का कहना है कि पार्किंग बंद करने के फैसले से पहले उसके ट्रैफिक और स्थानीय निवासियों पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किया जाना जरूरी है।
रिपोर्टर - राज चौधरी


