दिल्ली पुलिस की अनूठी पहल: आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट में वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण मेला और स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन..!
आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण को समर्पित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “बुजुर्गों का सम्मान – हमारी प्रतिबद्धता और अभियान” थीम के तहत यह कार्यक्रम DCP ऑफिस, आउटर NORTH डिस्ट्रिक्ट के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस (International Day of Older Persons) के उपलक्ष्य में यह कार्यक्रम दिल्ली पुलिस और '24x7 Care Foundation' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए 'वरिष्ठ नागरिक पंजीकरण मेला' और मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर (Health Check-up Camp) का आयोजन किया गया। इसमें डॉक्टरों की टीम द्वारा बुजुर्गों के ब्लड प्रेशर (BP), ब्लड शुगर और आंखों की जांच की गई। इसके अलावा, हेल्पडेस्क के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सहायता, साइबर सुरक्षा और सामान्य सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए गए, जिसमें उनकी समस्याओं को सुना गया और समाधान का आश्वासन दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों की सुरक्षा व गरिमा सुनिश्चित करना और दिल्ली पुलिस व नागरिकों के बीच विश्वास के रिश्ते को मजबूत बनाना है।
इस आयोजन से न केवल बुजुर्गों को स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सुविधाएँ मिलीं, बल्कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और दिल्ली पुलिस की जन-कल्याणकारी प्रतिबद्धता का संदेश भी प्रसारित हुआ।


