बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नरेला थाना क्षेत्र के महादेव अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय दंपति के दोनों बच्चे घर से बाहर थे।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 सितंबर 2026 को दोपहर लगभग 1:00 बजे पुलिस को नरेला इलाके में एक फ्लैट के अंदर से बंद होने और अनहोनी की सूचना पीसीआर कॉल को मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। फ्लैट अंदर से पूरी तरह बंद था, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की मदद से दरवाजे को तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई।
कमरे का नजारा देख हर कोई दंग रह गया। कमरे में उत्तर जिले में तैनात दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल मोनू (उम्र लगभग 40 वर्ष) का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि उनकी पत्नी मीनू (उम्र लगभग 35 वर्ष) का शव फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था।
बताया जा रहा है कि मृतक दंपति के दो बच्चे हैं—एक 12 वर्ष की बेटी और 8 वर्ष का बेटा। घटना के वक्त दोनों बच्चे घर से बाहर गए हुए थे। जब बच्चे वापस लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। जब दरवाजा नहीं खुला तो बच्चे जोर-जोर से रोने लगे। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी एकत्र हो गए। जब पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल (FSL) और क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया व साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजा हरीश चंद्र अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई जारी है। यह कदम किस वजह से उठाया गया और घटना का सही क्रम क्या रहा, इसका पता लगाने के लिए पुलिस हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


