बाहरी दिल्ली के नरेला NIA थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ एक नाले से बबलू नामक युवक का शव बरामद किया गया है। बबलू मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे और नरेला इलाके में ही रहते थे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बबलू कल ही अपने गाँव सीतामढ़ी से नरेला वापस आए थे। लेकिन अचानक लापता हो जाने के कारण उनके परिजनों में हड़कंप मच गया ।
बबलू के गायब होने पर परिजनों ने तुरंत नरेला NIA थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद परिवार के लोग देर रात तक उन्हें आसपास के इलाकों में ढूँढते रहे। जब काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजन निराश होकर घर लौट गए थे।
सुबह दिल्ली पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि बबलू का शव नाले में मिला है। खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना स्थल और मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जाँच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


