राजधानी दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया (NIA) थाना क्षेत्र अंतर्गत खेड़ा खुर्द गांव से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक 20 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर यौन हिंसा किए जाने और उसका अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगा है।
प्राप्त जानकारी और स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों (प्रदीप निवासी) के अनुसार, पीड़िता एक लकड़ी का काम करने वाले परिसर में बने कमरे में रहती है और वहीं काम करती है। घटना के समय उसके माता-पिता शहर से बाहर गए हुए थे। पीड़िता के अकेले होने का फायदा उठाकर वहां काम करने वाले लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति और उसके साथी पर कमरे में घुसकर दुष्कर्म करने तथा इसका वीडियो बनाने का आरोप है।
आरोपियों द्वारा पीड़िता को धमकी दी गई कि यदि उसने किसी से इस बात का जिक्र किया तो वीडियो सार्वजनिक कर दिया जाएगा। बाद में जब यह वीडियो प्रसारित हुआ, तब पीड़िता ने रोते हुए पड़ोसियों को अपनी आपबीती सुनाई और वीडियो शेयर किए जाने की बात बताई। इसके तुरंत बाद स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों ने पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को मेडिकल जांच व कानूनी प्रक्रियाओं के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी (लगभग 70-80 वर्षीय बुजुर्ग) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले में संलिप्त अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के दावे की गहनता से साइबर जांच की जा रही है। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


