राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच पूर्वी दिल्ली के खिचड़ीपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ताला-चाबी बनाने का काम करने वाला एक शख्स संदिग्ध गतिविधियों में नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि आरोपी दिन के समय इलाके में ताला-चाबी बनाने की फेरी लगाने के बहाने घूमता था और इसी दौरान घरों की रेकी करता था। आरोप है कि कई दिनों तक रेकी करने के बाद खिचड़ीपुर में एक घर को निशाना बनाया गया और दिनदहाड़े लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए गए।
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति इलाके में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। आरोप है कि वह पहले घरों की गतिविधियों पर नजर रखता था और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
हैरानी की बात यह है कि कुछ दिन पहले आउटर दिल्ली के बुद्ध विहार इलाके से भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां ताला-चाबी बनाने के बहाने रेकी कर चोरी किए जाने का आरोप लगा था। उस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने दिल्ली में दिनदहाड़े होने वाली चोरी और रेकी के तरीकों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाए और ऐसी वारदातों पर रोक लगाई जाए।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


