Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली: नाले के तेज बहाव में बहा 18 साल का युवक, नोएडा से घर लौटते वक्त हुआ हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दिल्ली: नाले के तेज बहाव में बहा 18 साल का युवक, नोएडा से घर लौटते वक्त हुआ हादसा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Delhi SamacharDelhi Samachar08 August 2026, 11:07 AM18 views

दिल्ली में बारिश के बाद नाले और ड्रेनेज सिस्टम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। ताजा मामला सरिता विहार थाना क्षेत्र के मदनपुर खादर स्थित प्रियंका कैंप इलाके का है, जहां 18 साल का एक युवक नाले के तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद से पुलिस, फायर सर्विस और DDMA की टीमें लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि भीम कॉलोनी, अली विहार निवासी अंकित शुक्रवार रात नोएडा से अपने घर लौट रहा था। उसके साथ उसका दोस्त मनीष भी मौजूद था। दोनों जब प्रियंका कैंप नाले के पास पहुंचे, तभी अचानक अंकित का पैर फिसल गया। देखते ही देखते वह नाले में जा गिरा। उस वक्त नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था, जिसके चलते अंकित पानी के साथ बह गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस को PCR कॉल की गई। सूचना पर सरिता विहार थाने में तैनात SI रोशन लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दोस्त मनीष से पूरी घटना की जानकारी लेने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया गया।

पुलिस ने DDMA की ईस्ट रेस्क्यू टीम और दिल्ली फायर सर्विस की मदद ली। फायर सर्विस की WT-74 टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नाले और उसके आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। पानी के तेज बहाव और अंधेरे के कारण राहत एवं बचाव टीमों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

फिलहाल अंकित का कोई सुराग नहीं मिला है। रेस्क्यू टीम पानी के बहाव की दिशा में दूर तक तलाश कर रही है। वहीं, परिवार की निगाहें अब सिर्फ इस उम्मीद पर टिकी हैं कि अंकित जल्द सुरक्षित मिल जाए।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।