दिल्ली के पूसा रोड स्थित कनवल गैस एजेंसी द्वारा आज उपभोक्ताओं के लिए एक विशेष एलपीजी सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को रसोई गैस सिलेंडर का सुरक्षित उपयोग, दुर्घटनाओं से बचाव और आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर इंडियन ऑयल के अधिकारी, स्थानीय SHO, तथा फायर ब्रिगेड विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने उपस्थित गृहणियों और परिवारों को गैस सिलेंडर के सुरक्षित इस्तेमाल, गैस रिसाव की स्थिति में क्या करें और किन बातों का विशेष ध्यान रखें, इसकी विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान एक निःशुल्क मेडिकल जांच शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। बड़ी संख्या में गृहणियों, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आयोजन को और भी आकर्षक बनाने के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कनवल गैस एजेंसी के संचालक एवं शांति सेवा संस्थान के संस्थापक मुनीष खुराना ने कहा कि लोगों की सुरक्षा और जागरूकता उनकी प्राथमिकता है। यही कारण है कि समय-समय पर ऐसे जनहित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि हर परिवार एलपीजी गैस का सुरक्षित उपयोग कर सके और दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक रहे।
ऐसे आयोजन न केवल सुरक्षा का संदेश देते हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और सेवा की भावना को भी मजबूत करते हैं।
रिपोर्टर - नितेश नारंग

