राजधानी दिल्ली में पेपर लीक विवाद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। जंतर-मंतर से शुरू हुआ विरोध अब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास तक पहुंच गया है। CJP के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पेपर लीक मामले में छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है और इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को पद छोड़ देना चाहिए। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर जुटे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सरकारी आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आवास के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और बैरिकेडिंग भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
राजधानी के कई संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस अलर्ट पर है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

