Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा! मेट्रो-बस सफर पर कर्मचारियों को मिलेगा 10% अतिरिक्त लाभ

दिल्ली सरकार का बड़ा तोहफा! मेट्रो-बस सफर पर कर्मचारियों को मिलेगा 10% अतिरिक्त लाभ

Delhi SamacharDelhi Samachar16 July 2026, 06:43 AM15 views

दिल्ली सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक अहम फैसला लिया है। अब सरकारी कर्मचारियों को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) के उपयोग पर परिवहन भत्ते के साथ 10 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलेगी। हालांकि, इसके लिए कर्मचारियों को अपने मासिक परिवहन भत्ते का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा NCMC कार्ड की खरीद या रिचार्ज पर खर्च करना होगा।

सरकार के वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य कर्मचारियों को मेट्रो, डीटीसी बस और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के अधिक उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना है। निर्धारित शर्त पूरी करने वाले कर्मचारी अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि के पात्र होंगे।

योजना के तहत गुरुवार से 29 जुलाई तक दिल्ली के 28 सरकारी कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां कर्मचारियों को नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा और उससे जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। इन शिविरों का आयोजन दिल्ली सचिवालय, लोक नायक अस्पताल, जीटीबी अस्पताल, दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, दिल्ली फायर सर्विस, परिवहन विभाग, व्यापार एवं कर विभाग सहित शिक्षा निदेशालय के विभिन्न जिला कार्यालयों में किया जाएगा।

दिल्ली सरकार का मानना है कि इस पहल से सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, ईंधन की बचत होगी और कर्मचारियों को आर्थिक लाभ भी प्राप्त होगा। सरकार ने सभी पात्र कर्मचारियों से इस योजना का लाभ उठाने और NCMC कार्ड का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।