Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
बाहरी दिल्ली के नरेला में बंद कमरे से मिला फिजियोथेरेपिस्ट का शव, 3-4 दिन पुराना होने की आशंका

बाहरी दिल्ली के नरेला में बंद कमरे से मिला फिजियोथेरेपिस्ट का शव, 3-4 दिन पुराना होने की आशंका

Delhi SamacharDelhi Samachar05 July 2026, 09:07 AM10 views

बाहरी दिल्ली के नरेला इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। नरेला के स्वतंत्र नगर में एक बंद कमरे के अंदर एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

​

​जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान जियो इब्राहिम (55 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से केरल के रहने वाले थे। जियो इब्राहिम पेशे से एक फिजियोथेरेपिस्ट थे और मई 2025 से स्वतंत्र नगर में एक किराए के मकान में अकेले रह रहे थे।

​रविवार सुबह जब मकान मालिक और आसपास के लोगों को मकान से तेज बदबू आई, तो उन्हें किसी अनहोनी का शक हुआ। जब वे ऊपर गए तो कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को इस बात की सूचना दी गई।

​

​सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड और दिल्ली पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर जाने पर जियो इब्राहिम का शव बेड पर पड़ा हुआ मिला। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि उनकी मृत्यु 3-4 दिन पहले ही हो चुकी थी, जिसके कारण शव सड़ने लगा था।

​

​घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के साथ-साथ फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने कमरे से जरूरी साक्ष्य (एविडेंस) जुटाए हैं। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवा दिया है।

​नरेला थाना पुलिस के मुताबिक: "शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। यह प्राकृतिक मौत है, या आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई साजिश (हत्या) है, इसका सटीक खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।"

​स्थानीय पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है और पड़ोसियों तथा मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मौत के कारणों का सुराग मिल सके।

रिपोर्ट - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।