दिल्ली-NCR में प्रदूषण का बढ़ता स्तर अब लोगों की परेशानी बढ़ाने लगा है। सुबह की शुरुआत साफ हवा के बजाय धुंध और स्मॉग की मोटी चादर के साथ हो रही है। हालात ऐसे हैं कि दिल्ली का औसत AQI 319 तक पहुंच गया है, जबकि कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार दर्ज किया गया है। हवा की बिगड़ती हालत को देखते हुए अब बच्चों की पढ़ाई से लेकर निर्माण कार्यों तक पर पाबंदियां लगाई जा रही हैं।
गुरुवार सुबह दिल्ली में सबसे ज्यादा 412 AQI IIT दिल्ली में रिकॉर्ड किया गया। वहीं ITO और जाफरपुर में 394, नॉर्थ कैंपस में 392 और चांदनी चौक में 388 AQI दर्ज हुआ। इसके अलावा पूसा में 382, DTU में 379, बुराड़ी में 378 और JNU में 376 AQI रहा। यानी राजधानी के कई इलाके बेहद खराब हवा की चपेट में हैं।
उधर, गाजियाबाद में जिलाधिकारी ने GRAP-3 के नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 20 नवंबर तक सभी सरकारी और निजी निर्माण एवं ध्वस्तीकरण कार्य बंद रहेंगे। सड़कों की मशीनों से सफाई और पानी के छिड़काव को भी दोगुना किया जाएगा, ताकि धूल को हवा में फैलने से रोका जा सके।
वहीं बच्चों को प्रदूषण से बचाने के लिए गाजियाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा में कक्षा 5 तक की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने के निर्देश दिए गए हैं। यानी अभिभावक बच्चों को ऑनलाइन या ऑफलाइन पढ़ाई का विकल्प दे सकेंगे। नोएडा में सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त स्कूलों को आदेश का पालन करना होगा। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
अब सवाल यही है कि आखिर दिल्ली-NCR को इस जहरीली हवा से राहत कब मिलेगी?
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


