दिल्ली के सेंट्रल जिले में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लूट, धोखाधड़ी और अन्य गंभीर वारदातों को अंजाम देने के आरोपों में सक्रिय ईरानी गैंग के नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने गैंग के कथित सरगना नासिर हाफिज खान उर्फ समीर अली समेत तीन आरोपियों के खिलाफ MCOCA के तहत मुख्य चार्जशीट दाखिल कर दी है।
यह मामला DBG रोड थाने में दर्ज FIR नंबर 202/2026 से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, नासिर हाफिज खान अपने साथियों अली चुन्ना उर्फ राजा और अकबर अली उर्फ कबीर के साथ मिलकर दिल्ली समेत कई राज्यों में आपराधिक गतिविधियां चला रहा था।
जांच में करीब 18 लाख 84 हजार रुपये की लूट के मामले समेत कई आपराधिक मामलों की पड़ताल की गई। पुलिस ने बैंक खातों, संदिग्ध लेन-देन, संपत्तियों और वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। साथ ही बोलेरो और हुंडई क्रेटा समेत वाहनों को भी जांच में शामिल किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, नासिर पर करीब 46, अली चुन्ना पर 10 और अकबर अली पर 22 आपराधिक मामलों में संलिप्तता दर्ज है।
तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस अब गैंग के बाकी सदस्यों, संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


