राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय यानी IGI एयरपोर्ट पर कस्टम्स विभाग ने नशे की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कस्टम्स अधिकारियों ने एक यात्री को गिरफ्तार कर उसके पास से बड़ी मात्रा में संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, कस्टम्स अधिकारियों ने APIS प्रोफाइलिंग के आधार पर 2 अगस्त 2026 को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2377 से पहुंचे एक यात्री को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका।
यात्री के सामान की एक्स-रे स्क्रीनिंग के दौरान अधिकारियों को कुछ संदिग्ध तस्वीरें दिखाई दीं। इसके बाद बैग की गहन तलाशी ली गई, जिसमें हरे रंग के पदार्थ से भरे चार वैक्यूम-सील्ड पैकेट बरामद हुए।
प्रारंभिक जांच में इन पैकेटों में हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजा या मारिजुआना होने का संदेह है। बरामद पदार्थ का कुल वजन पैकिंग सहित लगभग 2.759 किलोग्राम बताया गया है।
कस्टम्स अधिकारियों ने संदिग्ध मादक पदार्थ और उसे छिपाने में इस्तेमाल किए गए सामान को NDPS एक्ट, 1985 की धारा 43(a) के तहत ज़ब्त कर लिया है। वहीं, आरोपी यात्री को NDPS एक्ट की धारा 43(b) के तहत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

