दिल्ली में DTC और निजी ऑपरेटरों के तहत चलने वाली बसों के ड्राइवरों की हड़ताल का असर लगातार दूसरे दिन भी देखने को मिल रहा है। मंगलवार 15 सितंबर से शुरू हुआ यह चक्का जाम बुधवार 16 सितंबर को भी जारी है। सुबह के वक्त दफ्तर और कॉलेज जाने वाले यात्रियों को बसों के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।
बुराड़ी, नांगलोई, रेवला खानपुर, GTK, नेहरू प्लेस और शादीपुर समेत कई डिपो से बसों के संचालन पर असर पड़ा है। बुराड़ी क्रॉसिंग मैदान के पास ड्राइवरों ने एकजुट होकर प्रदर्शन भी किया।
प्रदर्शन कर रहे ड्राइवरों की मुख्य मांग है कि उनकी दैनिक दिहाड़ी 862 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये की जाए। इसके अलावा मेडिकल सुविधा, सालाना बोनस, इंश्योरेंस और ओवरटाइम का उचित भुगतान देने की मांग भी की जा रही है।
ड्राइवरों का आरोप है कि किसी दूसरी गाड़ी से बस टच होने पर नुकसान की रकम उनकी सैलरी से काट ली जाती है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
वहीं, DTC प्रबंधन के मुताबिक हड़ताल पर बैठे ड्राइवर निजी एजेंसियों और ऑपरेटरों के जरिए जुड़े हैं और सीधे DTC के पेरोल पर नहीं हैं।
फिलहाल बस सेवा प्रभावित होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ऐसे में यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने या मेट्रो का विकल्प अपनाने की सलाह दी जा रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


