Delhi Samachar
अपराधBREAKING NEWS
Delhi : सिम कार्ड से WhatsApp तक... दुबई रूट के जरिए ISI को मदद, दिल्ली से दंपती गिरफ्तार

Delhi : सिम कार्ड से WhatsApp तक... दुबई रूट के जरिए ISI को मदद, दिल्ली से दंपती गिरफ्तार

Delhi SamacharDelhi Samachar29 August 2026, 08:37 AM7 views

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक कथित जासूसी नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बदायूं निवासी मोहम्मद साहिल और उसकी पत्नी समीरा वर्ष 2024 से पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स यानी PIO के संपर्क में थे और उनके लिए काम कर रहे थे।

जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क भारतीय सिम कार्ड हासिल कर उन्हें दुबई के रास्ते पाकिस्तान भेजता था। वहां इन सिम कार्डों पर WhatsApp अकाउंट एक्टिवेट किए जाते और पाकिस्तानी हैंडलर्स इन भारतीय नंबरों के जरिए अलग-अलग WhatsApp ग्रुप्स में शामिल होकर संवेदनशील जानकारी जुटाने की कोशिश करते थे।

पुलिस के अनुसार, साहिल और समीरा ने 2024 और 2025 के दौरान ऐसे 8 भारतीय सिम कार्ड पाकिस्तान भेजे थे। इसके बदले उन्हें करीब 30 हजार रुपये मिले। आरोप है कि इन नंबरों का इस्तेमाल भारत से जुड़ी रक्षा और सैन्य सूचनाएं हासिल करने के लिए किया गया।

दंपती पर सैन्य छावनी क्षेत्रों की रेकी के लिए स्थानीय लोगों को नेटवर्क में शामिल करने का भी आरोप है। साहिल को ऐसे आर्मी जवानों की जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया था, जिनसे जुड़ी कोर्ट मार्शल कार्यवाही ट्रिब्यूनल में लंबित थी।

पुलिस ने समीरा के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स के साथ संदिग्ध चैट मिली हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों की पहचान 2024 में इंस्टाग्राम के जरिए एक पाकिस्तानी एजेंट से हुई थी। इसके बाद उन्हें एक PIO से जोड़ा गया।

स्पेशल सेल अब पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।