दिल्ली के शक्ति नगर गोलचक्कर के पास तेज रफ्तार वैगनआर का खौफनाक एक्सीडेंट कैमरे में कैद हुआ है। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आता है कि एक वैगनआर पहले ई-रिक्शा को ओवरटेक करती है और कुछ ही सेकंड बाद सामने आए दूसरे ई-रिक्शा को बचाने के दौरान ड्राइवर कार का कंट्रोल खो देता है।
इसके बाद कार बैरिकेड और दीवार से टकराती है और हवा में उछलते हुए सड़क पर पलट जाती है। हादसे के दौरान पिछली सीट पर बैठा एक शख्स पीछे का शीशा तोड़कर सड़क पर जा गिरा। हालांकि, गनीमत रही कि वह डिवाइडर या सड़क से बुरी तरह नहीं टकराया। कार में सवार बाकी लोग भी बाहर निकल आए और बताया जा रहा है कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
दिल्ली में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार चिंता बढ़ा रही हैं। इससे पहले 17 सितंबर की रात आरके पुरम के अफ्रीका एवेन्यू रोड पर एक कार ने सड़क किनारे रुकी बाइक को टक्कर मार दी थी। पुलिस के मुताबिक, 73 वर्षीय चालक की कार ने बाइक पर बैठे 21 वर्षीय युवक को टक्कर मारी और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई। आरके पुरम थाने में एफआईआर के बाद पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार किया था।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


