दिल्ली के सोनिया विहार में यमुना नदी को लेकर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने छठ महापर्व से पहले कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर यमुना में मरी हुई मछलियां कौन फेंक रहा है और इसके पीछे क्या मकसद है? क्या यह किसी की लापरवाही है या फिर इसके पीछे कोई साजिश?
दरअसल, दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना नदी में मरी हुई मछलियां फेंके जाने का आरोप लगा है। इस मामले में दिल्ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने सोनिया विहार थाने के एसएचओ को पत्र लिखकर एफआईआर दर्ज करने और जांच की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ अज्ञात लोग जानबूझकर नदी में मरी हुई मछलियां डाल रहे हैं, ताकि दिल्ली सरकार की छवि खराब की जा सके। विभाग ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि 15 और 16 नवंबर को यमुना किनारे छठ पूजा का आयोजन होना है। ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। विभाग का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
वहीं, दिल्ली सरकार के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना में मरी मछलियां डालकर वीडियो बनाए जा रहे हैं और झूठ फैलाया जा रहा है। मंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार यमुना की सफाई और विकास के लिए काम कर रही है।
फिलहाल, पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि यमुना में मरी मछलियां डालने के पीछे किसका हाथ है और जांच में क्या खुलासा होता है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव

