शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने लूट और चाकूबाजी की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 11 मोबाइल फोन, एक बटनदार अवैध चाकू और लूटे गए दस्तावेज बरामद किए हैं।
यह मामला 11 अक्टूबर 2026 का है। रोहिणी के सेक्टर-28 स्थित एनआईडीएम ऑफिस के पास चार अज्ञात बदमाशों ने राम भवन और सुनील नाम के दो व्यक्तियों को घेर लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने राम भवन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी पीड़ितों से नकदी, दस्तावेज और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिकायत के आधार पर थाना शाहबाद डेयरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी/बवाना गौरव सिंह के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम ने तकनीकी और जमीनी सुरागों के आधार पर दो आरोपियों—शक्ति और शिवम उर्फ आयुष उर्फ बिल्ली को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों (शक्ति और शिवम) का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। दोनों के खिलाफ पहले से ही तीन-तीन मामले दर्ज हैं। पुलिस इस गिरोह के बाकी फरार सदस्यों की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इन्होंने और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है।
रिपोर्टर -सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


