दिल्ली के मायापुरी में एक राहगीर को घेरना और उसकी गर्दन दबाकर मोबाइल लूटना दो बदमाशों को भारी पड़ गया। वारदात को अंजाम देकर दोनों पार्क की तरफ भागे, लेकिन पीड़ित की सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी ने उनके भागने का रास्ता रोक दिया। गश्त कर रही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
मामला 14 अक्टूबर का है, जब 45 वर्षीय जालिम पासवान सेल्वेज पार्क के पास मौजूद थे। इसी दौरान दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और उनकी गर्दन दबाकर मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद आरोपी पार्क की तरफ भाग निकले। पीड़ित ने तुरंत गश्त कर रही पुलिस टीम को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही एसीपी और एसएचओ मायापुरी की देखरेख में पेट्रोलिंग टीम ने पीड़ित की मदद से पार्क में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों आरोपियों को ज्यादा दूर जाने का मौका नहीं मिला और उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय गोपी और 24 वर्षीय नितिन के रूप में हुई है। दोनों मायापुरी की रेवाड़ी लाइन झुग्गी के निवासी हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। मामले में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नितिन पहले आठ और गोपी छह आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। फिलहाल पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक संपर्कों और गतिविधियों की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


