आउटर नॉर्थ जिले की पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 52 कार्टन अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से परिवहन में प्रयुक्त मारुति ईको गाड़ी भी जब्त कर ली है।
यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त (नॉर्दर्न रेंज) विजय सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (आउटर नॉर्थ) लोकेश्वरन और एसीपी (नरेला) राकेश कुमार के मार्गदर्शन में की गई।
16 अक्टूबर 2026 को गश्त के दौरान पुलिस चौकी मेट्रो विहार की टीम को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की मारुति ईको गाड़ी में यूईआर-II के रास्ते अवैध शराब ले जाई जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सेक्टर-5 बवाना अंडरपास कट (होलम्बी खुर्द) के पास जाल बिछाकर संदिग्ध वाहन (पंजीकरण संख्या DL-1LT-0379) को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 52 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें 2,200 पव्वे और 96 बोतलें शामिल थीं। पुलिस ने वाहन और शराब को जब्त कर आरोपी राधेश्याम उर्फ राधे (उम्र 20 वर्ष, निवासी विजय विहार, रोहिणी) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी आबकारी अधिनियम के 4 मामले दर्ज हैं।
थाना नरेला औद्योगिक क्षेत्र में दिल्ली आबकारी अधिनियम की धारा 33, 38 और 58(ड) के तहत एफआईआर संख्या 579/2026 दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस अवैध शराब के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
रिपोर्टर - सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


