Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : दिल्ली में दिनदहाड़े मोबाइल झपटमारी, गश्त कर रही पुलिस ने बाइक सवार बदमाश को दबोचा

Delhi : दिल्ली में दिनदहाड़े मोबाइल झपटमारी, गश्त कर रही पुलिस ने बाइक सवार बदमाश को दबोचा

Delhi SamacharDelhi Samachar23 October 2026, 08:20 AM16 views

दिल्ली के न्यू रोहतक रोड पर दिनदहाड़े मोबाइल झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाश के लिए पुलिस की मुस्तैदी भारी पड़ गई। 19 वर्षीय युवक से मोबाइल छीनकर फरार होने की कोशिश कर रहे बाइक सवार आरोपियों का पीछा गश्त कर रहे पुलिस हेड कांस्टेबल ने किया। इसके बाद अजमल खान पार्क के पास घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 25 वर्षीय रमन उर्फ मनीष उर्फ अमन के रूप में हुई है, जो प्रताप नगर का निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से झपटमारी किया गया वीवो वी17 मोबाइल फोन बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई ड्यूक 250 बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।

जांच के दौरान आरोपी को लेकर एक और अहम जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुलाबी बाग थाने का घोषित जिला बदर अपराधी है। उसके खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग पुलिस थानों में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऐसे में पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उसकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

इस मामले में डीबीजी रोड थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, वारदात के दौरान मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों ने इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।