Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : नरेला के जंगल में मिला लावारिस मासूम बच्चा, महिला की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बची जान

Delhi : नरेला के जंगल में मिला लावारिस मासूम बच्चा, महिला की सूझबूझ और पुलिस की तत्परता से बची जान

Delhi SamacharDelhi Samachar10 July 2026, 12:07 PM6 views

बाहरी दिल्ली के नरेला NIA थाना क्षेत्र के जंगल से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ झाड़ियों में एक करीब 6 से 8 महीने का मासूम बच्चा लावारिस हालत में पड़ा मिला। बच्चे के मिलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि समय रहते बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

​घटना सुबह के समय की है, जब एक स्थानीय महिला जंगल में सूखी लकड़ियां काटने के लिए गई थी। महिला ने बताया कि जब वह झाड़ियों के पास पहुंची, तो उसे किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। पहले तो सन्नाटे और घने जंगल के बीच आवाज सुनकर वह सहम गई और उसे लगा कि शायद कोई ऊपरी साया या भूत हो सकता है।

​लेकिन जब उसने हिम्मत जुटाई और ध्यान से देखा, तो वहाँ कपड़े में लिपटा हुआ एक छोटा सा बच्चा रो रहा था। महिला ने तुरंत शोर मचाकर सड़क से गुजर रहे राहगीरों और आस-पास के लोगों को इकट्ठा किया।

​स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा काफी समय से वहाँ पड़ा हुआ था। उसे कटीली झाड़ियों के बीच छोड़ा गया था, जिसके कारण बच्चे के चेहरे, मुंह और शरीर पर कांटों के निशान थे और हल्की चोटें भी आई थीं। बच्चे की हालत देखकर वहाँ मौजूद हर शख्स की आँखें नम हो गईं।

​वहाँ से गुजर रहे एक युवक ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत दिल्ली पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नरेला NIA थाना पुलिस की टीम बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंच गई।

​मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्चे को अपनी गोद में लिया, उसे संभाला और तुरंत पीसीआर वैन (PCR) की मदद से अस्पताल भिजवाया, ताकि उसका मेडिकल चेकअप और इलाज कराया जा सके। फिलहाल बच्चा पूरी तरह सुरक्षित है।

​ पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर इस मासूम के माता-पिता कौन हैं और किस बेरहम ने इतने छोटे बच्चे को मरने के लिए घने जंगल और कंटीली झाड़ियों में छोड़ दिया। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज और लापता बच्चों के रिकॉर्ड को खंगाल रही है।

रिपोर्ट- सोनू

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।